आगरा-ग्वालियर हाईवे पर बड़ा हादसा टला, डंपर चालक को सुरक्षित निकाला गया
dailyhulchul
आगरा शहर के सैंया चौराहे के पास बुधवार दोपहर करीब 1 बजे आगरा-ग्वालियर राष्ट्रीय हाईवे पर एक गंभीर दुर्घटना होते-होते टल गई। घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान आगे चल रहे एक कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे से आ रहे डंपर ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया।
सूचना मिलते ही थाना सैंया की सीसी टीम प्रभारी अमित यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कटर और अन्य औजारों की मदद से डंपर की बॉडी को काटा और काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
डंपर चालक की पहचान रंजीत सिंह के रूप में हुई है, जो गुजरात के मोरवी का निवासी है और टाइल्स लादकर बंगलोर की ओर जा रहा था। हादसे में उसे मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घने कोहरे के कारण इस मार्ग पर आए दिन दृश्यता कम हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस घटना में पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
टिप्पणियाँ