ट्विशा शर्मा मौत मामला: CCTV फुटेज ने बढ़ाए सवाल, मौत से पहले की आखिरी तस्वीरें आईं सामने
dailyhulchul
भोपाल में 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। 12 मई को ट्विशा का शव भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके ससुराल में मिला था। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का बताया गया, लेकिन अब सामने आए CCTV फुटेज और परिवार के आरोपों ने इस केस को और गंभीर बना दिया है।
सामने आए CCTV वीडियो में ट्विशा शर्मा मौत से कुछ देर पहले अकेले अपने घर की छत की ओर जाती दिखाई दे रही हैं। लगभग एक घंटे बाद उसी फुटेज में उनके पति समर्थ सिंह समेत तीन लोग उन्हें सीढ़ियों पर CPR देने की कोशिश करते नजर आते हैं, जिसके बाद उन्हें नीचे ले जाया जाता है। इस वीडियो ने घटना को लेकर कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। समर्थ सिंह फिलहाल फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम भी घोषित किया है। मामले की जांच के लिए SIT टीम गठित की गई है।
इस केस में नया विवाद तब शुरू हुआ जब जमानत याचिका में दावा किया गया कि ट्विशा मानसिक तनाव और नशे की लत से जूझ रही थीं। हालांकि ट्विशा के परिवार ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्विशा और समर्थ की मुलाकात 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी और दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी की थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद ट्विशा की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब पुलिस जांच से मिलने की उम्मीद है।
टिप्पणियाँ